विनोद धीमान। यमुनानगर में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) के पद पर अशोक धीमान की नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर ब्लॉक के विभिन्न गांवों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। बधाई देने वालों में शेरपुर से जगदीश धीमान तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी कपिल मुनीष गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे।
बधाई कार्यक्रम के दौरान अशोक धीमान का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान बातचीत करते हुए अशोक धीमान ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और सही शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अशोक धीमान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।
इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कपिल मुनीष गर्ग ने कहा कि अशोक धीमान के अनुभव और समर्पण से यमुनानगर ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। वहीं, जगदीश धीमान ने भी उनके कार्यकाल को बच्चों और समाज के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



