रजनी सोनी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। सैनी कोतवाली क्षेत्र के सिराथू रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करते समय एक महिला और उसकी बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ चल रही दूसरी बेटी बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। स्टेशन क्षेत्र में जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान मेमो ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में मां और बेटी आ गईं। ट्रेन की गति तेज होने के कारण दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग घटना को देखकर स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेलवे स्टेशन पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र में ट्रैक पार करने को लेकर पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग सावधानी नहीं बरतते। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सतर्कता रखें और निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है।



